करणी सेना अध्यक्ष जीवन सिंह को मिली जमानत, कोर्ट से 3 घंटे में रिहाई - Bindass Boliyan

Cryptocurrency Prices

करणी सेना अध्यक्ष जीवन सिंह को मिली जमानत, कोर्ट से 3 घंटे में रिहाई

करणी सेना अध्यक्ष जीवन सिंह को मिली जमानत, कोर्ट से 3 घंटे में रिहाई

 मंदसौर | करणी सेना परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर को सोमवार को धारा 307 (जानलेवा हमला) के मामले में सेशन कोर्ट में पेश किया गया। पहले कोर्ट ने उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए, लेकिन हाईकोर्ट के पुराने आदेश के आधार पर कुछ ही घंटों में उन्हें एक लाख रुपये के मुचलके पर जमानत मिल गई। पेशी से लेकर रिहाई तक की पूरी प्रक्रिया लगभग तीन घंटे में पूरी हुई।

जानलेवा हमले का मामला, आत्मसमर्पण के बाद पेशी

जीवन सिंह को 2024 में भावगढ़ थाना क्षेत्र के बेहपुर गांव में महेंद्र सिंह पर जानलेवा हमले के केस में आरोपी बनाया गया था। पुलिस जांच के बाद उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था। शनिवार को प्रदर्शन के बाद उन्होंने थाने में आत्मसमर्पण कर दिया था।
सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे भारी पुलिस सुरक्षा के बीच उन्हें कोर्ट लाया गया। धारा 307 का मामला होने के कारण कोर्ट ने उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया।

हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देकर मिली जमानत

करीब 4 बजे शेरपुर के वकील जितेंद्र सिंह सिसोदिया ने हाईकोर्ट का पुराना आदेश और जमानत याचिका कोर्ट में पेश की। हाईकोर्ट पहले ही यह निर्देश दे चुका था कि सरेंडर के दिन ही जमानत पर सुनवाई की जाए। एक घंटे की बहस के बाद कोर्ट ने एक लाख रुपए के मुचलके पर जमानत मंजूर कर ली।

शाम 7 बजे हुई रिहाई

शाम 6:30 बजे कोर्ट का आदेश जिला जेल पहुंचा, जिसके आधे घंटे बाद यानी 7 बजे शेरपुर को रिहा कर दिया गया। इस दौरान कोर्ट परिसर और जिला अस्पताल के बाहर पुलिस बल और करणी सेना के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
26 जून को ठेके पर मारपीट का नया मामला
हाल ही में 26 जून को जीवन सिंह और उनके साथियों पर शराब ठेके पर रंगदारी मांगने और मारपीट का आरोप लगा था। इस मामले में SC-ST एक्ट, रंगदारी और मारपीट की धाराएं जोड़ी गईं। घटना का वीडियो वायरल हुआ था।

अब तक 12 केस, 7 लोगों पर FIR

एसपी अभिषेक आनंद के अनुसार, इस मामले में जीवन सिंह शेरपुर सहित 7 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। जिनमें पुष्पेंद्र सिंह, इंद्रपाल सिंह, नागेंद्र सिंह, कुलदीप सिंह, सचिन और देवी सिंह शामिल हैं। शेरपुर पर मंदसौर, रतलाम और नीमच जिलों में कुल 12 केस दर्ज हैं।

वाटर कैनन चलाना पड़ा था

शनिवार को करणी सेना कार्यकर्ताओं ने एसपी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया। उनकी मांग थी कि शेरपुर के खिलाफ दर्ज FIR वापस ली जाए और संबंधित पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया जाए। स्थिति बेकाबू होने पर पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।
पुलिस ने रविवार को हिरासत में लेकर जीवन सिंह से पूछताछ की, जो अधूरी रह गई। इसके बाद सोमवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया।

Post a Comment