मध्यप्रदेश में मानसून की दस्तक: दो दिन में 19 जिलों तक पहुंचा, 38 जिलों में अलर्ट - Bindass Boliyan

Cryptocurrency Prices

मध्यप्रदेश में मानसून की दस्तक: दो दिन में 19 जिलों तक पहुंचा, 38 जिलों में अलर्ट

मध्यप्रदेश में मानसून की दस्तक: दो दिन में 19 जिलों तक पहुंचा, 38 जिलों में अलर्ट

मंगलवार को इंदौर समेत मध्यप्रदेश के 15 जिलों में मानसून ने दस्तक दे दी है। इससे पहले सोमवार को बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर और खंडवा जिलों में मानसून पहुंचा था। इस तरह दो दिन में कुल 19 जिलों में मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने बताया कि मानसून दक्षिण-पश्चिमी हिस्से से अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, देवास, हरदा, खंडवा, बैतूल, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी जिलों में पहुंच चुका है।

अगले दो दिन में भोपाल पहुंचेगा मानसून

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिन में मानसून राजधानी भोपाल में दस्तक दे सकता है। प्रदेश के अंतिम हिस्से ग्वालियर-चंबल में यह सबसे आखिर में पहुंचेगा। विभाग का कहना है कि एक सप्ताह में मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा। इससे पहले प्रदेश में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

तेज आंधी-बारिश का अलर्ट: 38 जिलों पर असर

मौसम विभाग ने जबलपुर समेत 38 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। उमरिया, शहडोल, सीधी और मैहर में तूफानी हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। इसके अलावा सिंगरौली, सतना, कटनी, पन्ना, अनूपपुर, डिंडौरी, रीवा और जबलपुर में भी तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। अन्य प्रभावित जिलों में मुरैना, शिवपुरी, छतरपुर, दमोह, सागर, टीकमगढ़, रतलाम, मंदसौर, नीमच, आगर-मालवा, देवास, राजगढ़ आदि शामिल हैं।

सोमवार को कहां-कहां हुई बारिश

सोमवार को प्रदेश में कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। छतरपुर जिले के नौगांव में सबसे ज्यादा 1.25 इंच बारिश हुई। रीवा में भी 1 इंच से ज्यादा पानी गिरा। मंडला में आधा इंच बरसात दर्ज की गई। धार, गुना, रतलाम, सागर, सतना, बालाघाट, खंडवा, बड़वानी, टीकमगढ़, अशोकनगर और हरदा में भी बारिश हुई। राजधानी भोपाल में शाम को मौसम बदला और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जो देर रात तक कई जिलों में जारी रही।

 तापमान में गिरावट

बारिश के चलते प्रदेश के अधिकतर जिलों में दिन के तापमान में गिरावट देखी गई। सोमवार को केवल नर्मदापुरम में तापमान 40.2 डिग्री दर्ज किया गया। अन्य शहरों में पारा 40 डिग्री से नीचे रहा। भोपाल में 37.5 डिग्री, इंदौर में 34.6 डिग्री, ग्वालियर में 37 डिग्री, जबलपुर और उज्जैन में 38 डिग्री और सबसे कम पचमढ़ी में 31.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

सक्रिय मौसम प्रणाली

मौसम विभाग की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के अनुसार, इस समय दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव हैं, जिनकी वजह से आंधी और बारिश का सिलसिला बना हुआ है। मानसून भी धीरे-धीरे प्रदेश में सक्रिय हो रहा है।

 इस बार मानसून 1 दिन लेट पहुंचा

देश में इस बार मानसून 8 दिन पहले केरल पहुंच गया था और महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ में भी समय से पहले सक्रिय हो गया। अनुमान था कि मध्यप्रदेश में मानसून जून के पहले सप्ताह में ही आ जाएगा, लेकिन यह महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में अटका रहा। 13-14 जून को आगे बढ़ा और अंततः 17 जून को मध्यप्रदेश पहुंचा। हालांकि, औसतन एमपी में मानसून की आमद की तारीख 15 जून मानी जाती है। पिछले साल मानसून 21 जून को प्रदेश में दाखिल हुआ था।

Post a Comment