दक्षिण भारतीय सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री अनुष्का शेट्टी एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं, और इस बार एक बेहद इंटेंस क्राइम थ्रिलर फिल्म के साथ। उनकी आने वाली फिल्म ‘घाटी’ को नई रिलीज डेट मिल गई है। फिल्म अब 11 जुलाई 2025 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
पहले यह फिल्म 18 अप्रैल को रिलीज होनी थी, लेकिन अब इसे कुछ महीनों के लिए टाल दिया गया है। ‘घाटी’ एक ऐसी महिला की कहानी है, जो हालातों के कारण गांजे के अवैध धंधे में फंस जाती है और फिर अपराध की काली दुनिया में उसकी यात्रा शुरू होती है।
इस क्राइम ड्रामा का निर्देशन राधाकृष्ण (कृष) जगरलामुदी कर रहे हैं, जो अपने गंभीर और सामाजिक विषयों पर आधारित फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। फिल्म में राम्या कृष्णन, जगपति बाबू, विक्रम प्रभु, रविंदर विजय और जॉन विजय जैसे सशक्त कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
‘घाटी’ को तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और हिंदी भाषाओं में रिलीज किया जाएगा, ताकि यह फिल्म देशभर के दर्शकों तक पहुंच सके। फिल्म की टैगलाइन ‘Victim. Criminal. Legend.’ अपने आप में नायक के किरदार की जटिलता को दर्शाती है।
निर्देशक कृष के अनुसार, अनुष्का शेट्टी का किरदार एक हाई-ऑक्टेन, ग्रे जोन वाली महिला का है जो कमजोर नहीं, बल्कि हालातों से लड़ने वाली है। पोस्टर और टीजर से भी यह साफ हो चुका है कि यह फिल्म न केवल थ्रिलर होगी, बल्कि इमोशनल और सामाजिक स्तर पर भी दर्शकों को सोचने पर मजबूर करेगी।
‘घाटी’ का निर्माण फर्स्ट फ्रेम एंटरटेनमेंट द्वारा किया गया है और इसे UV Creations प्रस्तुत कर रहा है। फिल्म का संगीत नागवेली विद्यसागर ने तैयार किया है।
‘बाहुबली’ फेम अनुष्का शेट्टी को आखिरी बार 2023 में ‘मिस शेट्टी मिस्टर पॉलीशेट्टी’ में देखा गया था। अब दो साल बाद वह अपने दमदार अभिनय से दर्शकों को एक बार फिर चौंकाने के लिए तैयार हैं।