देश में कोरोना के एक्टिव केस बढ़कर 2390 हुए, 16 लोगों की अब तक मौत - Bindass Boliyan

Cryptocurrency Prices

देश में कोरोना के एक्टिव केस बढ़कर 2390 हुए, 16 लोगों की अब तक मौत

देश में कोरोना के एक्टिव केस बढ़कर 2390 हुए, 16 लोगों की अब तक मौत
केरल और महाराष्ट्र में 60% से ज्यादा केस, मैसूर में बुजुर्ग की जान गई

भारत में एक बार फिर कोरोना वायरस के मामलों में धीरे-धीरे वृद्धि देखने को मिल रही है। देशभर में एक्टिव मामलों की संख्या 2390 तक पहुंच गई है। इनमें सबसे ज्यादा 727 केस केरल से रिपोर्ट हुए हैं, जबकि महाराष्ट्र में 681 एक्टिव केस हैं। इन दोनों राज्यों में कुल मामलों का लगभग 60 फीसदी हिस्सा है।
शुक्रवार को कर्नाटक के मैसूर शहर में 63 वर्षीय एक वृद्ध व्यक्ति की मौत हो गई, जो राज्य में कोरोना से तीसरी मौत है। इसके अलावा महाराष्ट्र, केरल, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी अब तक 13 लोगों की जान जा चुकी है, जिससे देश में कुल मृतकों की संख्या 16 हो गई है।

नवजात शिशु की रिपोर्ट भी आई पॉजिटिव
अहमदाबाद से एक चिंताजनक खबर आई है, जहां एक दिन के नवजात की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। शिशु को आईसीयू में रखा गया है। इससे पहले उसकी मां की भी रिपोर्ट पॉजिटिव थी, लेकिन अब वह निगेटिव हो चुकी हैं।

पूर्वोत्तर राज्यों में भी फिर दिखने लगे केस
मिजोरम में करीब सात महीने बाद कोविड-19 के दो नए मामले सामने आए हैं। पिछली बार अक्टूबर 2024 में संक्रमण देखा गया था। इस बार मरीजों का इलाज आइजोल के नजदीक जोरम मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने और कोविड गाइडलाइंस का पालन करने की अपील की है।

महाराष्ट्र में टेस्टिंग तेज
महाराष्ट्र सरकार के अनुसार, शुक्रवार को राज्य में 84 नए केस सामने आए। जनवरी 2025 से अब तक कुल 9592 टेस्ट किए जा चुके हैं और 681 लोग संक्रमित पाए गए हैं।

चार नए वैरिएंट की पहचान
ICMR के निदेशक डॉ. राजीव बहल ने जानकारी दी है कि देश में कोविड के चार नए वैरिएंट सामने आए हैं—LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1। ये मुख्यतः दक्षिण और पश्चिम भारत से रिपोर्ट हुए हैं। इनमें JN.1 सबसे अधिक पाया जाने वाला वैरिएंट है, जो लगभग आधे से ज्यादा सैंपल में मिला है।
NB.1.8.1 वैरिएंट के कुछ म्यूटेशन (A435S, V445H, T478I) इसे तेजी से फैलने वाला बना रहे हैं और यह पहले से मौजूद इम्युनिटी को भी चकमा दे सकता है।
हालांकि, WHO ने इन वैरिएंट को 'वॉच लिस्ट' में रखा है लेकिन इन्हें गंभीर या अत्यधिक घातक नहीं माना गया है।

सावधानी अभी भी जरूरी
स्वास्थ्य विभाग और विशेषज्ञों की सलाह है कि लोग मास्क पहनने, हाथ धोने और भीड़-भाड़ से बचने जैसे एहतियाती उपायों का पालन करते रहें। भले ही स्थिति नियंत्रण में हो, लेकिन लापरवाही संक्रमण को फिर से बढ़ावा दे सकती है।

Post a Comment